1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. नागलवाड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भीलटदेव के दर्शन के बाद शुरू होगी प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट

नागलवाड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भीलटदेव के दर्शन के बाद शुरू होगी प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नागलवाड़ी पहुंचे, बाबा भीलटदेव के दर्शन किए। बड़वानी में प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट बैठक कुछ देर में शुरू होगी।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
नागलवाड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भीलटदेव के दर्शन के बाद शुरू होगी प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट

मध्यप्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट बैठक के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार सुबह नागलवाड़ी पहुंचे। मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे हेलीकॉप्टर से नागलवाड़ी शिखरधाम पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले बाबा भीलटदेव के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली और किसानों की समृद्धि की कामना की।

पारंपरिक स्वागत, जनजातीय आस्था को दिया सम्मान

हेलीपैड पर मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे कैबिनेट बैठक स्थल की ओर रवाना हुए। नागलवाड़ी भिलटदेव परिसर में तलहटी पर बने लगभग 8 एकड़ के गार्डन को अस्थायी मंत्रालय का स्वरूप दिया गया है।

अस्थायी मंत्रालय में आधुनिक व्यवस्थाएं

कृषि कैबिनेट बैठक के लिए यहां विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन स्थल पर कृषि आधारित प्रदर्शनी, ग्रीन रूम, कैबिनेट हॉल और भोजनशाला के लिए विशाल एयर-कंडीशंड शेड तैयार किए गए हैं। यह पूरी व्यवस्था जनजातीय अंचल में विकास और प्रशासन की पहुंच का प्रतीक मानी जा रही है।

किसानों और जनजातीय समाज से करेंगे संवाद

कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनजातीय समुदाय के लोगों से संवाद करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल जुलवानिया के प्रसिद्ध भगोरिया हाट में भी शामिल होंगे, जहां पारंपरिक संस्कृति और लोकजीवन की झलक देखने को मिलेगी। प्रदेश सरकार की यह पहली कृषि कैबिनेट बैठक किसान कल्याण वर्ष के तहत एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है, जिससे कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...