डॉ. मोहन यादव रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भोपाल स्थित प्राचीन बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर अभिषेक किया और प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिव भक्तों के साथ मिलकर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में महाशिवरात्रि पर्व मनाया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर परिसर में भगवान शिव की आराधना की और शिवभक्तों के साथ विशेष पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए। महाशिवरात्रि के अवसर पर पुलिस बैंड के सदस्यों सहित अनेक युवाओं ने डमरू दल के साथ पारंपरिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया। भक्ति संगीत और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह भर दिया।

महाशिवरात्रि के विशेष आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिव बारात को रवाना किया और स्वयं बारात के रथ को खींचकर श्रद्धा प्रकट की। शिव बारात में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उत्साह और उमंग के साथ शामिल हुए। इस दौरान हर-हर महादेव और जय महाकाल के सामूहिक जयघोष से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र गूंज उठा।
महाशिवरात्रि के कार्यक्रम और शिव बारात में अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और शिव भक्त शामिल हुए। प्रमुख रूप से सांसद आलोक शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, रविंद्र यति, राहुल कोठारी सहित महाशिवरात्रि पर्व आयोजन समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता के साथ पर्व को भव्य रूप दिया। महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दी, बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक सहभागिता का भी सुंदर संदेश दिया।