भोपालः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास पर 10वीं और 12वीं कक्षा के बोर्ड परिणाम घोषित किए। इस दौरान उन्होंने परीक्षा में सफल हुए छात्रों को बधाई दी और किसी कारण से रह गए छात्रों से कहा कि वे निराश न हों उनके लिए अगले महीने दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार का बोर्ड के परीक्षा परिणाम के तुरंत बाद अगले महीने मई में फिर परीक्षा होने वाली है। इसका मतलब है कि हमारी साल में दो परीक्षा हो रही है। यह प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने जो शिक्षा नीति 2020 लागू की है यह उसका परिणाम है। अगर किसी बच्चे को लगे कि उसके नंबर कम आए हैं तो भी उसको परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। डॉ. यादव ने कहा कि परीक्षा परिणाम को देखकर लग रहा है कि इस बार शासकीय स्कूल के बच्चों ने एक गौरवशाली तस्वीर पेश की है। यह परीक्षा परिणाम मध्यप्रदेश की स्वर्णिम गाथा को पेश करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जन जाति क्षेत्र के बच्चों ने जिलों में बाजी मारी है। वहीं बालकों को पीछे छोड़ते हुए बेटियों ने अपना दबदबा कायम रखते हुए फिर से बाजी मारी है। यह बताता है कि बेटी बचाओं, बेटी पढ़ाओ के संकल्प का क्या परिणाम आता है। शासकीय विद्यालयों ने गजब का प्रदर्शन करते हुए प्राइवेट स्कूलों को पीछे छोड़ा है। नकल प्रकरण में भी भारी कमी आई है, बच्चों ने पढ़ने का महौल बनाया। 12वीं कक्षा के बच्चों ने पिछले 16 साल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि फरवरी से मार्च के बीच यह परीक्षा हुई। जिसमें करीब 9 लाख विद्यार्थी शामिल हुए। परीक्षा परिणाम 72.42 प्रतिशत रहा। 69.31 प्रतिशत छात्रों का और 77.52 प्रतिशत छात्राओं का रहा है। सरकारी स्कूलों का परीक्षाफल निजी स्कूलों की तुलना में बेहत्तर रहा है। शासकीय विद्यालयों का परीक्षाफल 76.80 प्रतिशत और अशासकीय का 68.64 प्रतिशत रहा। यह रिजल्ट बताता है कि हमारे शासकीय विद्यालयों के गुदड़ी के लाल ताकत के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हाईस्कूल की मेरिट में 378 विद्यार्थियों ने जगह बनाई जिसमें 235 छात्राएं और 143 छात्र शामिल हैं। इसमें अनूपपुर जिला सबसे टॉप पर रहा, दूसरे नंबर पर अलीराजपुर रहा।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 10वीं बोर्ड की परीक्षा में सरस्वती ज्ञान मंदिर हाईस्कूल गुन्नौर, पन्ना की छात्रा कुमारी प्रतिभा सिंह सोलंकी ने टॉप किया है। प्रतिभा ने 500 में से 499 अंक हासिल किए हैं। वहीं हायर सेकेंडरी की परीक्षा 10 फरवरी से 7 मार्च तक हुई थी जिसमें 6 लाख 89 हजार 746 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा परिणाम 76.01 प्रतिशत रहा। इनमे से 72.39 प्रतिशत छात्र और 79.41 प्रतिशत छात्राएं सफल रही। जिसमें शासकीय विद्यालयों का 80.54 प्रतिशत और अशासकीय विद्यालयों का 69.67 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा।
इसमें सबसे टॉप पर झाबुआ जिला रहा है, जबकि अनूपपुर दूसरे स्थान पर रहा। 12वीं बोर्ड की परीक्षा की मेरिट लिस्ट में शासकीय सुभाष ट्रस्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर भोपाल की वाणिज्य समूह की कुमारी खुशी राय और कुमारी चांदनी विश्वकर्मा अशासकीय गुरुदेव शिक्षा केंद्र उच्चतर माध्यमिक विद्याल भोपाल ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इनके दवारा 500 में 494 अंक प्राप्त किए गए हैं। इसके अलावा 7 मई से दोबारा से परीक्षा होगी जिसमें छात्रों को दोबारा मौका मिल सकता है। मुख्यमंत्री सभी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जो छात्र किसी कारण से रह गए हैं उन्हें दोबारा मौका मिलेगा।