बुरहानपुर में विद्युत बिल की एसएमएस आधारित व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों के खिलाफ ताप्ती सेवा समिति ने आवाज उठाई है। समिति ने मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के कार्यपालन यंत्री को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि कई उपभोक्ताओं को समय पर SMS नहीं मिलते, जिसके कारण उन्हें बिल जमा करने की अंतिम तिथि की जानकारी नहीं हो पाती। इससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई मामलों में बिना सूचना के कनेक्शन भी काट दिए जाते हैं।
समिति ने मांग की है कि पहले की तरह घर-घर मुद्रित बिल वितरण की व्यवस्था फिर से शुरू की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को SMS, WhatsApp, Email और Printed Bill जैसे विकल्प भी उपलब्ध कराए जाएं ताकि सुविधा बनी रहे।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सभी बिल संबंधी संदेश हिंदी भाषा में भेजे जाएं और कनेक्शन काटने से पहले SMS, लिखित नोटिस और फोन कॉल के माध्यम से सूचना देना अनिवार्य किया जाए। इससे पारदर्शिता और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
ताप्ती सेवा समिति ने विभागीय लापरवाही या तकनीकी त्रुटि के कारण उपभोक्ताओं को होने वाले नुकसान की जवाबदेही तय करने और उचित क्षतिपूर्ति की व्यवस्था करने की भी मांग की है। साथ ही उपभोक्ता समस्याओं पर जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित करने का अनुरोध किया गया है।
समिति अध्यक्ष सरिता भगत ने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर और स्पष्ट जानकारी देना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विभाग और उपभोक्ताओं के बीच विश्वास और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तत्काल सुधार आवश्यक है।