वित्तीय और आईटी कंपनियों के शेयरों में तेजी से प्रमुख घरेलू सूचकांक लगातार पांचवें सत्र में बढ़त के साथ नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर बंद हुए। BSE का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक Sensex 259.33 अंक यानी 0.55 फीसद की बढ़त के साथ 47,613.08 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह NSE Nifty 59.40 अंक यानी 0.43 फीसद की तेजी के साथ 13,932.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ। आईटी और बैंकिंग सेक्टर के इंडेक्स में बढ़त देखने को मिली। हालांकि, अन्य सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान के साथ बंद हुए।
BSE Sensex पर इंडसइंड बैंक के शेयर में सबसे ज्यादा 5.41 फीसद का उछाल देखने को मिला। Axis Bank के शेयरों में 2.06 फीसद, टेक महिंद्रा के शेयरों में 1.95 फीसद और एचडीएफसी के शेयरों में 1.92 फीसद की तेजी देखने को मिली। इनके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, इन्फोसिस, बजाज ऑटो, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, एशियन पेंट और टीसीएस के शेयर हरे निशान के साथ बंद हुए।
दूसरी ओर, नेस्ले इंडिया के शेयर सबसे अधिक 1.74 फीसद की गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा एनटीपीसी, पावरग्रिड, डॉक्टर रेड्डीज, रिलायंस, ओएनजीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, मारुति, भारती एयरटेल, हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, बजाज फिनजर्व, टाइटन, बजाज फाइनेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
अमेरिका में बहु-प्रतीक्षित राहत पैकेज को मंजूरी मिलने के बाद कुल-मिलाकर सकारात्मक संकेतों के बीच अन्य एशियाई बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए।
विश्लेषकों का कहना है कि भारत में भी कोविड-19 के वैक्सीन के मामले में हुई प्रगति से घरेलू धारणा को मजबूती मिली और सभी सेक्टर्स में सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
इसी बीच, ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.88 फीसद की बढ़त के साथ 51.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने सोमवार को शुद्ध आधार पर 1,588.93 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की लिवाली की।