BSE का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक Sensex बुधवार को 403.29 अंक यानी 0.87 फीसद की तेजी के साथ 46,666.46 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, NSE Nifty 114.85 अंक यानी 0.85 फीसद के उछाल के साथ 13,682.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ। पीएसयू बैंक को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर्स में जमकर लिवाली की वजह से शेयर बाजारों मे तेजी देखने को मिली।
Sensex पर HDFC के शेयरों में सबसे ज्यादा 3.11 फीसद की तेजी देखने को मिली। ओएनजीसी के शेयरों में 2.69 फीसद, भारती एयरटेल के शेयर में 2.35 फीसद और एशियन पेंट के शेयर में 2.17 फीसद का उछाल देखने को मिला।
इनके अलावा टाइटन, टीसीएस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावरग्रिड, लार्सन एंड टुब्रो, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील, बजाज ऑटो, हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, इन्फोसिस, सन फार्मा, नेस्ले इंडिया, आईटीसी, मारुति, बजाज फाइनेंस, रिलायंस और कोटक बैंक के शेयर हरे निशान के साथ बंद हुए।
वहीं, ICICI Bank के शेयरों में सबसे ज्यादा 1.09 फीसद की गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, बजाज फिनजर्व, एसबीआई और एक्सिस बैंक के शेयर लाल निशान के साथ बंद हुए।
कोविड-19 वैक्सीन एवं दुनियाभर की सरकारों द्वारा आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज घोषित किए जाने की उम्मीद में एशियाई शेयर बाजार मुख्य रूप से काफी अधिक बढ़त के साथ बंद हुए।
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि घरेलू स्तर पर मैक्रोइकोनॉमिक संकेतकों में सुधार और वैश्विक बाजार में सकारात्मक परिदृश्य से बाजार का विश्वास बढ़ा है और इस पर रिकॉर्ड उच्च स्तर पर कारोबार हो रहा है।
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने भी अपनी रिसर्च रिपोर्ट में देश की आर्थिक वृद्धि को लेकर अपने पूर्व के अनुमान में सुधार किया है। SBI की रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि चालू वित्त वर्ष में देश की आर्थिक वृद्धि की रफ्तार (-) 7.4 फीसद पर रह सकती है। बैंक ने अपनी पूर्व की रिपोर्ट में वृद्धि दर के (-) 10.9 फीसद पर रहने का अनुमान प्रकट किया था।
विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे मजबूत होकर 73.58 के स्तर पर रहा।