प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रीय वीरता पुरस्कारों से सम्मानित बच्चों से मिलकर उन्हें देश का भविष्य बताते हुए कई मंत्र दिए। इस दौरान पीएम ने बच्चों से कहा कि, थोड़ी देर पहले आप सभी का परिचय जब हो रहा था, तो मैं सच में हैरान था। इतनी कम आयु में जिस प्रकार आप सभी ने अलग-अलग क्षेत्रों में जो प्रयास किए, जो काम किया हैं, वो अदभुत है।
इस दौरान पीएम मोदी ने अपनी एक दिलचस्प कहानी बताते हुए कहा कि, एक बार एक शख्स ने उनसे पूछा कि आपके चेहरे पर इतना तेज कैसे है? तब मैंने उस शख्स को बताया कि मैं दिनभर खूब मेहनतकरता हूं और शरीर से निकलने वाला पसीना अपने चेहरे पर मल लेता हूं। इसी से मेरे चेहरे पर इतना तेज दिखता है। पीएम मोदी ने बच्चों की बहादुरी की बात करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी के किस्से वो दुनिया भर में शेयर करेंगे।
इसके आगे प्रधानमंत्री ने कहा कि, इतनी कम आयु में जिस प्रकार आप सभी ने अलग-अलग क्षेत्रों में कुछ करके दिखाया है, उसके बाद आपको और कुछ अच्छा करने की इच्छा होगी। एक प्रकार से ये जिंदगी की शुरुआत है। आपने मुश्किल परिस्थितियों में साहस दिखाया, किसी ने अलग-अलग क्षेत्रों नें उपलब्धियां प्राप्त की हैं।
आप सब कहने को तो बहुत छोटी आयु के हैं, लेकिन आपने जो काम किया है उसको करने की बात तो छोड़ दीजिए, उसे सोचने में भी बड़े-बड़े लोगों के पसीने छूट जाते हैं। आप युवा साथियों के साहसिक कार्यों के बार में जब भी मैं सुनता हूं तो मुझे भी प्रेरणा मिलती है। आप जैसे बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए ही इन राष्ट्रीय पुरस्कारों का दायरा बढ़ाया गया है।
आजादी के बाद इस देश में 33,000 पुलिस के जवान हम लोगों की सुरक्षा के लिए शहीद हुए हैं। उस पुलिस के प्रति आदर का भाव बनना चाहिए। इससे समाज में एक बदलाव शुरु हो जाएगा। आप सभी को पुलिस मेमोरियल देखने जरूर जाना चाहिए।