नई दिल्ली : अरब सागर से उठे चक्रवात ‘ताउते’ के छह दिन हो गये है, लेकिन अभी भी इस चक्रवात के चपेट में आये ‘बार्ज पी 305’ पर सवार लोगों के शव बरामद हो रहे है। वहीं अभी कई लोगों के लापता होने की खबर है, जिसे लेकर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। आपको बता दें कि पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र के रायगड़ से 8 शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पांच शव मांजवी बीच से, दो शव अलीबाग बीच और एक शव मुरुड बीच से बरामद किया है। बता दें कि शव बरामद करने के बाद ADR रायगढ़ जिले की पुलिस ने संबंधित पुलिस थानों में दर्ज जानकारी दर्ज कराई है। अब ये शव येलो गेट पुलिस को सुपुर्द किए जाएंगे।
अपतटीय क्षेत्रों में गोताखोरों की टीमें तैनात
आपको बता दें कि छह दिन बाद भी, अभी भी बार्ज पी 305 के 15 और टगबोट नौका वाराप्रदा के कई कर्मी लापता हैं, जिनका पता लगाने के लिए नौसेना ने मुंबई अपतटीय क्षेत्र में विशेष गोताखोर टीमों को तैनात कर दिया। नौसेना ने बताया है कि लापता चालक दल को खोजने के लिए चल रहे खोज और बचाव अभियान को बढ़ाने के लिए साइड-स्कैन सोनार के साथ आईएनएस मकर और आईएनएस तरासा पर सवार होकर विशेष गोताखोर टीम आज सुबह मुंबई से रवाना हुईं।
186 को सुरक्षित बचाया गया
अरब सागर में बार्ज पी305 के डूबने से मरने वालों की संख्या 19 और शवों की बरामदगी के साथ 66 तक पहुंच गई है। वहीं पी305 बार्ज पर सवार 261 कर्मियों में से अब तक 186 को बचाया जा चुका है। वाराप्रदा में सवार 13 लोगों में से दो को बचा लिया गया है। मुंबई पुलिस ने कहा है कि वह इस बात की जांच करेगी कि चक्रवात ‘ताउते’ की चेतावनी के बावजूद बार्ज अशांत क्षेत्र में क्यों रुका रहा।
गुजरात के वलसाड जिले में मिले चार शव
वहीं, गुजरात के वलसाड जिले में अरब सागर के तट पर शनिवार को कम से कम चार शव मिले और पुलिस को संदेह है कि ये बार्ज पी 305 के लापता कर्मियों में से कुछ के हो सकते हैं। पुलिस ने कहा कि तीन शव तीथल समुद्र तट पर मिले जबकि एक शव दक्षिण गुजरात में जिले के डूंगरी गांव में समुद्र तट पर मिला, जो महाराष्ट्र के करीब है।