भोपाल (मध्य प्रदेश)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत प्रदेश स्तरीय मंडल एवं जिला प्रशिक्षण वर्ग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को प्रभावी करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, गुजरात के प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर जी तथा प्रशिक्षण अभियान प्रभारी के.सी. पटेल ने संबोधित किया। सभी नेताओं ने प्रशिक्षण वर्गों की प्रगति की समीक्षा की।
नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी, प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह, प्रशिक्षण महाअभियान संयोजक विजय दुबे तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा कार्यकर्ता प्रशिक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने की व्यापक रणनीति पर मंथन किया गया।

इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस में चल रही आंतरिक स्थिति को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी कोई नई बात नहीं है और यह पार्टी की स्थापना के समय से ही चली आ रही है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का सार्वजनिक रूप से अपमान नहीं होना चाहिए और मतभेदों को संगठन के भीतर ही सुलझाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस को आत्ममंथन करने की सलाह दी।