भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार एक से बढ़कर एक कदम उठा रही है, सरकार के इस कार्य को आगे बढ़ाते हुए बिहार सरकार ने घोषणा किया है कि, जो भी भ्रष्टाचारियों को पकड़वाएगा उसको इनाम दिया जाएगा।
बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने यह घोषणा करते हुए कहा है कि, भ्रष्ट सरकारी कर्माचारियों को पकड़वाने वालों को एक हजार से 10 हजार तक का इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होने से यदि सरकार को काफी बड़ी बचत होती है तो उसे पकड़वाने वाले को रकम का दो प्रतिशत पुरस्कार के तौर पर दिया जाएगा।
हालांकि इनाम की रकम पांच लाख से ज्यादा नहीं होगी। गुरुवार को बिहार कैबिनेट की बैठक में निगरानी के इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। ऐसे लोगों का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा। सूचना देने वाला सरकारी कर्मचारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति, आलीशान मकान बनवाए या खरीदने, भ्रष्ट आचरण की शिकायत कर सकता है।
यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो सूचना देने वाले को इनाम दिया जाएगा। वहीं, अदालत तक आने-जाने का खर्च भी राज्य सरकार ही देगी, ट्रेन के किराए से लेकर आने-जाने के दौरान खाने पीने के लिए 200 रुपए भी सरकार देगी।