मध्यप्रदेश के नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने ग्राम हाड़ी पिपल्या डेरे में दबिश देकर संदिग्ध वाहनों की तलाशी अभियान चलाया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से 6 बिना नंबर की संदिग्ध गाड़ियां मिलीं, जिन्हें जब्त कर मनासा थाने लाया गया है। इन सभी वाहनों की गहन जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ये वाहन चोरी के हैं या नहीं।
थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी के अनुसार, यह कार्रवाई करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम के साथ की गई। पूरे गांव और डेरे में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें संदिग्ध वाहनों को बरामद किया गया।

दबिश के दौरान पुलिस को मौके से कच्ची शराब भी मिली, जिसे तत्काल नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध व्यक्तियों और बरामद वाहनों से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद वाहन चोरी के हैं या किसी अन्य अवैध गतिविधि से जुड़े हुए हैं। मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।