मुख्यमंत्री मोहन यादव ने असमय वर्षा और मावठे के कारण फसलों को हुई क्षति का तत्काल आंकलन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने और किसानों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि मौसम की विपरीत परिस्थितियों और असमय वर्षा की स्थिति में राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का दायित्व है कि वह समय रहते स्थिति का आकलन कर किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में असमय वर्षा और मावठे से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराया जाए। जिला प्रशासन को अलर्ट रहते हुए किसानों को क्षति से बचाने के प्रयास करने और आवश्यकतानुसार त्वरित राहत उपाय अपनाने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते मौसम के मद्देनज़र सभी जिलों में प्रशासन पूरी सतर्कता बरते, ताकि किसानों को होने वाले नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।