1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. दिल्ली चुनाव: बीजेपी के आरोपों के बाद केजरीवाल ने कहा- अमित शाह कर रहे हैं टुच्चे टुच्चे स्टंट

दिल्ली चुनाव: बीजेपी के आरोपों के बाद केजरीवाल ने कहा- अमित शाह कर रहे हैं टुच्चे टुच्चे स्टंट

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
दिल्ली चुनाव: बीजेपी के आरोपों के बाद केजरीवाल ने कहा- अमित शाह कर रहे हैं टुच्चे टुच्चे स्टंट

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए तीन दिन बाद मतदान होने हैं, इस बीच आम आदमी पार्टी और बीजेपी जमकर एक दूसरे पर हमला बोल रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी पर टुच्ची राजनीति करने का आरोप लगाया।

बीजेपी के आरोपों के बाद आप का बयान

दरअसल, शाहीन बाग में पिछले 53 दिनों से नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, इस दौरान तीन बार फायरिंग की जा चुकी है और हाल ही में प्रदर्शन स्थल से कुछ दूर कपिल गुर्जर नाम के एक लड़के ने फायरिंग की थी। इसकी गिरफ्तारी के बाद दोनों पार्टियों में घमासान मचा हुआ है।

कपिल गुर्जर को लेकर खुलासा हुआ है कि वह आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता है, इसी के बाद से बीजेपी आप पर जमकर हमला बोल रही है। बीजेपी को जवाब देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, इन लोगों ने सबकुछ करके देख लिया लेकिन कुछ नहीं चला इसलिए 48 घंटे पहले दिल्ली पुलिस का इस्तेमाल कर गंदी राजनीति कर रहे हैं। इन लोगों ने कल आरोप लगाया कि हमने फायरिंग करवायी है। हमारी औकात है क्या इस तरह से फायरिंग करवाने की?

केजरीवाल ने अमित शाह पर टुच्ची राजनीति करने का लगाया आरोप

इसके आगे दिल्ली सीएम ने कहा कि, जो शूटर है उसके पिता ने कह दिया है कि मेरा आम आदमी पार्टी से कोई लेना देना नहीं है, मेरा कहना है कि अगर उसका आम आदमी पार्टी से कोई लिंक हो तो उसे दो के बजाए चार साल की सजा दो। अमित शाह जी चुनाव खत्म होने से पहले अब टुच्चे-टुच्चे स्टंट कर रहे हैं। इन लोगों का सब कुछ फेल हो गया है। मुझे दिल्ली की जनता पर विश्वास है।

आप पर बीजेपी ने लगाया आरोप

बताते चलें कि, शाहीन बाग में गोली चलाने वाले युवक की आप नेताओं के साथ तस्वीर सामने आने के बाद बीजेपी ने कहा कि अब केजरीवाल की पार्टी बेनकाब हो गई है। केजरीवाल और उनकी पार्टी ने देश को विखंडित करने वाला बयान देने वाले टुकड़े-टुकड़े गैंग को बचा कर रखा है। आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इसे बीजेपी की डर्टी पॉलिटिक्स बताया है।

1 साल पहले आप में शामिल हुआ था कपिल

मीडिया में आ रही खबरों की माने तो जो फोटो सामने आई है वो करीब 1 साल पहले की है, जब कपिल बैसला और उसके पिता ने आप की सदस्यता ली थी। साल 2019 की शुरुआत में दोनों ने आप ज्वाइन किया था। उस वक्त कपिल और उसके पिता के साथ साथ कपिल के करीब एक दर्जन से ज्यादा साथियों ने आप पार्टी की सदस्यता ली थी। कपिल इस वक्त क्राइम ब्रांच एसआईटी की कस्टडी में है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...