केंद्र सरकार की ओर से लाए गए 3 कृषि कानूनों के विरोध में किसान आंदोलन कर रहे हैं। पंजाब, हरियाणा समेत कुछ अन्य जगहों से आए किसान दिल्ली बॉर्डर पर कई दिनों से डटे हैं। उनकी मांग है कि सरकार इन कानूनों को वापस ले।
25 दिन से आंदोलन कर रहे किसान आज यानी रविवार को शहीदी दिवस के रूप में मना रहे हैं। किसान संगठनों का दावा है कि आंदोलन के दौरान करीब 33 किसानों की मौत हुई है. वे रविवार को उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
वहीं अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखकर कहा कि वर्तमान में चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन किसी भी राजनीतिक दल से संबद्ध नहीं हैं।
कृषि कानूनों के खिलाफ सिंघु बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी हैं। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव ने कहा, दिल्ली आंदोलन में शहीद हुए किसानों के लिए आज दोपहर 12 बजे अरदास की गई। आज शाम को 5 बजे के बाद सभी मोमबत्ती जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे।
दिल्ली: बुराड़ी के निरंकारी समागम मैदान में किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया और उन किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए जुलूस निकाला, जिन्होंने किसान आंदोलन के दौरान अपनी जान गंवाई थी। जुलूस निकालने वाले किसानों का कहना है कि देश भर के किसान उन शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं जो इस आंदोलन के दौरान मारे गए।
स्वराज इंडिया प्रमुख योगेंद्र यादव ने कहा- सोमवार से प्रदर्शन स्थलों पर भूख हड़ताल करेंगे किसान जब तक बिल वापस नहीं होगा, एमएसपी पर कानून नहीं बनेगा तब तक किसान यहां से नहीं जाएंगे।
जगजीत सिंह ढल्लेवाला ने सभी किसान समर्थकों से 27 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात के दौरान थाली बजाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जबतक प्रधानमंत्री का संबोधन होगा तबतक थाली बजाते रहें।