निवाड़ी (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को निवाड़ी जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले को 193 करोड़ रुपये की लागत वाले 59 विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट कार्यालय और जिला अस्पताल का लोकार्पण करने के साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं उद्घाटन किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार के अच्छे कार्यों में कोई बाधा डाले या न डाले, लेकिन कांग्रेस नेताओं को हर समय “हाय मोदी, हाय भाजपा” ही दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति के कारण जनता का भरोसा उससे लगातार खत्म हो रहा है और आने वाले समय में देश के अधिकांश हिस्सों से कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति अब “गाजर घास” की तरह हो गई है, जो धीरे-धीरे खत्म हो जाती है। उन्होंने दावा किया कि देश के 80 प्रतिशत से अधिक हिस्से से कांग्रेस गायब होने की ओर बढ़ रही है।
किसानों का जिक्र करते हुए डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस वर्ष पूरे देश में सबसे अधिक करीब 14 लाख किसानों से गेहूं की खरीद मध्य प्रदेश में की गई। उन्होंने बताया कि किसानों को ₹2,625 प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया, जिसमें ₹2,585 प्रति क्विंटल एमएसपी के अलावा ₹40 प्रति क्विंटल बोनस भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 1956 से 2003 तक लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस किसानों को गेहूं का उचित मूल्य नहीं दिला सकी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन में गेहूं का मूल्य करीब ₹400 प्रति क्विंटल तक ही पहुंचा, जबकि भाजपा सरकार ने एमएसपी बढ़ाने के साथ बोनस देकर किसानों की आय बढ़ाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद पहले ₹2,400 प्रति क्विंटल पर गेहूं खरीदा गया और अब किसानों को ₹2,625 प्रति क्विंटल का भुगतान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे किसान हितैषी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।