आज दिल्ली में एक रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने दिल्ली चुनाव को लेकर कहा कि, दिल्ली का चुनाव दो खेमों के बीच है। एक तरफ राहुल बाबा और केजरीवाल एंड कंपनी है, जो कहते हैं कि देश में तुष्टिकरण की राजनीति होनी चाहिए और जो कहते हैं कि हम शाहीन बाग वालों के साथ हैं। और दूसरी ओर मोदी जी के नेतृत्व में देशभक्तों की टोली है।
झूठ बोलने की कहीं स्पर्धा हो जाए, तो उसमें केजरीवाल जी का पहला नंबर आएगा। 21 दिन पहले AAP पार्टी ने अपनी वेबसाइट से अपना पुराना घोषणा पत्र हटा लिया। क्योंकि लोग देख रहे थे कि इन्होंने क्या वादे किये थे और कितने पूरे किये। केजरीवाल साहब आप घोषणा पत्र छुपा लो, लेकिन हम और दिल्ली की जनता सवाल पूछना नहीं छोड़ेंगे।
केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली की सड़कें यूरोप जैसी बना देंगे। लेकिन जब मैं यहां आ रहा था, तो पता ही नहीं चला कि गड्ढों में सड़कें हैं या सड़कों में गड्ढे। केजरीवाल जी को मैं चैलेंज देता हूं कि अगर आपने यमुना जी को स्वच्छ किया है, तो मीडिया की उपस्थिति में यमुना जी में एक गोता लगाकर दिखाओ।
दिल्ली की 1,731 अनधिकृत कॉलोनियों को नरेन्द्र मोदी जी ने एक झटके में मालिकाना हक़ देने का काम किया। मगर मोदी जी इन कॉलोनियों के अंदर पक्की सड़कें, बागीचा, पीने का पानी और स्ट्रीट लाइटें देना चाहते हैं, लेकिन ये काम केंद्र सरकार नहीं कर सकती, ये राज्य सरकार का काम है। जब आप दिल्ली में भाजपा की सरकार बना देंगे, तो यहां के विकास का पिटारा खुल जाएगा।