जबलपुर के ग्वारीघाट क्षेत्र में स्थित प्राचीन पंचनंद महादेव मंदिर की जमीन को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट की बेशकीमती जमीन पर कथित तौर पर भूमाफियाओं द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक संरक्षण में हो रही है, जिसके चलते प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहा है।
इस विवाद के बीच मंदिर के पुजारी आनंद दुबे ने विरोध जताते हुए अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। पुजारी का कहना है कि मंदिर से लगी जमीन के सीमांकन को लेकर मामला पहले मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में गया था, जहां कोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने सीमांकन भी कराया था।
इसके बावजूद आरोप है कि धीरे-धीरे जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार इस जमीन को लेकर विवाद हुआ और शिकायतें पुलिस थाने में दर्ज कराई गईं, लेकिन कार्रवाई न होने से भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हो गए हैं।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो धार्मिक स्थल की जमीन पर कब्जा हो सकता है और आने-जाने का रास्ता भी बंद हो जाएगा। फिलहाल मामले ने तूल पकड़ लिया है और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।