1. हिन्दी समाचार
  2. जन समस्या
  3. विकासखंड मोहखेड़ में विद्युत कार्य में अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

विकासखंड मोहखेड़ में विद्युत कार्य में अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

छिंदवाड़ा के मोहखेड़ विकासखंड स्थित शक्करझिरी ग्राम पंचायत में विद्युत विस्तार कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जनपद पंचायत के सीईओ को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का दावा है कि स्वीकृत कार्य के मुकाबले मौके पर अधूरा काम हुआ, जबकि पूरा भुगतान कर दिया गया।

By: BS Yadav 
Updated:
विकासखंड मोहखेड़ में विद्युत कार्य में अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

मोहखेड़ (छिंदवाड़ा)। विकासखंड मोहखेड़ में भ्रष्टाचार के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। इस बार ग्राम पंचायत शक्करझिरी में लगभग 5 लाख 76 हजार रुपये की लागत से कराए गए विद्युत विस्तार कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जनपद पंचायत मोहखेड़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव द्वारा लगभग 6 लाख रुपये की लागत से विद्युत विस्तार कार्य कराया गया तथा कार्य पूर्ण दर्शाकर सीसी जारी कर पूरे भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई। जबकि मौके पर स्थिति इसके विपरीत बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार स्वीकृत अनुमान (एस्टीमेट) में 69 विद्युत पोल, केबल लाइन एवं एलईडी लाइट लगाए जाने थे, लेकिन मौके पर केवल 22 पोल लगाए गए हैं। आरोप है कि शेष पोल नहीं लगाए गए तथा जिन पोलों पर स्थापना की गई है, उन पर भी न तो केबल लाइन पूरी है और न ही एलईडी लाइट लगाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पोल से लेकर केबल और एलईडी तक का भुगतान कर दिया गया, लेकिन आज तक विद्युत व्यवस्था शुरू नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कराकर वास्तविक कार्य का सत्यापन करने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सरकारी राशि की अनियमितता की जांच कराने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि शक्करझिरी पंचायत में पदस्थ सचिव का नाम पूर्व में भी विवादों में रहा है। ग्रामीणों के अनुसार सचिव पर पहले एक जीवित व्यक्ति को मृत दर्शाकर कथित रूप से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप लग चुका है। वहीं कुछ माह पूर्व मोहखेड़ पंचायत का प्रभार मिलने के दौरान भी फर्जी बिलों के माध्यम से अनियमितता करने के आरोप सामने आए थे।
रिपोर्ट: श्याम साहू

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...