शाजापुर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का एक मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नवीन गैस एजेंसी से जुड़े एक अकाउंटेंट पर निर्धारित दर से अधिक कीमत पर सिलेंडर बेचने के आरोप लगाए गए हैं।
आरोप है कि एजेंसी का अकाउंटेंट जरूरतमंद उपभोक्ताओं से गैस सिलेंडर के लिए ₹1900 तक वसूल रहा था। इस पूरे मामले ने शहर में पहले से मौजूद गैस संकट के बीच आम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे सुबह से लंबी कतारों में लगकर गैस सिलेंडर प्राप्त करने को मजबूर हैं, जबकि कुछ लोग अवैध रूप से अधिक दाम वसूलकर कालाबाजारी कर रहे हैं। इससे आम उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नवीन गैस एजेंसी पर पहले भी BPCL द्वारा ₹17 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया जा चुका है, बावजूद इसके लगातार अनियमितताओं के आरोप सामने आते रहे हैं।
मामले को लेकर जब मीडिया ने संबंधित अकाउंटेंट से बात करने की कोशिश की, तो उनका रवैया आक्रामक बताया गया और उन्होंने बातचीत से इनकार कर दिया।
आपूर्ति अधिकारी मंजू मरावी ने कहा है कि मामला संज्ञान में ले लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।