भोपाल स्थित मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में आज विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय ईश्वर दास रोहाणी की जन्मजयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, रोहाणी के परिजन एवं विधानसभा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वर्गीय ईश्वर दास रोहाणी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1993 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी और इसके बाद लगातार चार बार जबलपुर का प्रतिनिधित्व किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन अनुशासन, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक था, जो हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भी इस अवसर पर ईश्वर दास रोहाणी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि रोहाणी ने अपने संसदीय अनुभव, मर्यादित आचरण और निष्पक्ष कार्यशैली के माध्यम से विधानसभा की गरिमा को बढ़ाया। उनका सार्वजनिक जीवन जनप्रतिनिधियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं रोहाणी के परिजन भी शामिल हुए। सभी ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।