हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की शोभा यात्रा के दौरान सोमवार को सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई। जिसमें पांच लोगों की जान चली गई है और कई लोग घायल हुए हैं। इस शोभा यात्रा में प्रमुख गौ रक्षक मोनू मानेसर की कथित मौजूदगी को लेकर तनाव चरम पर पहुंच गया और विशेष समुदाय के लोगों ने शोभा यात्रा को टारगेट किया और गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं धार्मिक यात्रा में विशेष समुदाय के लोगों द्वारा पत्थरबाजी भी की गई। जिसके बाद नूंह और गुरुग्राम में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं और धारा 144 लागू किया गया है।
सांप्रदायिक हिंसा के संबंध में अब तक 44 एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और उनमें 70 नामजद लोगों को हिरासत में लिया गया है। जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिस फोर्स की 20-20 कंपनियों की तैनाती की गई है। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि नूंह में जो कुछ भी घटना हुई वह दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना का पता लगते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासन को तुरंत भेजा गया। एक सामाजिक यात्रा जो हर वर्ष निकलती है, उसके ऊपर कुछ लोगों ने आक्रमण किया। इस दौरान पुलिस को भी निशाना बनाया गया।
सीएम खट्टर ने आगे कहा कि सुनियोजित और षड्यंत्रपूर्ण तरीके से यात्रा को भंग किया गया, जो बड़ी साजिश की तरफ इशारा करती है। गाड़ियों को आग लगाई गई और आगजनी की घटना कुछ स्थानों पर सामने आई है। हालांकि फिलहाल नूंह समेत सभी जगह स्थिति सामान्य है। सीएम खट्टर ने कहा कि नूंह से बाहर के लोग जो इस घटना में शामिल थे उनकी पहचान की जा रही है। किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि शांति बहाली के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान ना दें और अगर कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है, तो जिला प्रशासन को तुरंत इसकी सूचना दें। इसके लिए उन्होंने हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए कहा कि लोग इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर-112 तथा 8930900281 पर दे सकते हैं।