1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. पन्ना में डैम विस्थापितों के मुद्दे पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, हनुमतपुर चौकी का घेराव

पन्ना में डैम विस्थापितों के मुद्दे पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, हनुमतपुर चौकी का घेराव

पन्ना में डैम विस्थापितों के मुद्दे को लेकर यूथ कांग्रेस और ग्रामीणों ने हनुमतपुर पुलिस चौकी का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने कथित लाठीचार्ज, बिजली कटौती और मुआवजे से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष और अजयगढ़ TI के बीच तीखी बहस व धक्का-मुक्की की स्थिति भी सामने आई।

By: Nivedita 
Updated:
पन्ना में डैम विस्थापितों के मुद्दे पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, हनुमतपुर चौकी का घेराव

पन्ना, मध्य प्रदेश। रुंझ और मझगवां डैम से प्रभावित विस्थापितों के मुद्दे को लेकर पन्ना में यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और ग्राम टपरियन में बिजली व्यवस्था ठप होने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने हनुमतपुर पुलिस चौकी का घेराव किया।

पुलिस कार्रवाई को लेकर लगाए गंभीर आरोप

यूथ कांग्रेस और ग्रामीणों का आरोप है कि 27 सितंबर की रात कुंवरपुर और रुंझ विस्थापित क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासनिक अमले ने कार्रवाई के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ मारपीट की। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले की जांच कर जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बिजली बहाली और मुआवजे की मांग

प्रदर्शन के दौरान ग्राम टपरियन में बिजली आपूर्ति बाधित होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। यूथ कांग्रेस ने प्रशासन से गांव की बिजली तत्काल बहाल करने के साथ ही डैम विस्थापितों को पूर्ण मुआवजा दिए जाने की मांग की। संगठन का कहना है कि मुआवजे की प्रक्रिया पूरी किए बिना लोगों को विस्थापित नहीं किया जाना चाहिए।

 

TI और यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष के बीच विवाद

प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार और अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर के बीच तीखी बहस हो गई। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की बात सामने आई।

प्रशासन को आंदोलन तेज करने की चेतावनी

यूथ कांग्रेस की ओर से एसडीएम और अजयगढ़ थाना प्रभारी के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिसकर्मियों पर एफआईआर, बिजली बहाली और विस्थापितों के अधिकारों की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

रिपोर्ट – राजेश रावत

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...