1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. मौसम के बदले मिजाज, 10 डिग्री की भारी गिरावट

मौसम के बदले मिजाज, 10 डिग्री की भारी गिरावट

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
मौसम के बदले मिजाज, 10 डिग्री की भारी गिरावट

बांदा। बीते मई माह में 48 डिग्री तपिश की मार झेल चुके चित्रकूटधाम मंडल के बाशिंदों को जून माह में राहत मिली है। मानसूनी मौसम शुरू होने के करीब दो सप्ताह पहले ही शुक्रवार को मौसम में बड़ा बदलाव आया। दिनभर हुई बूंदाबांदी और रिमझिम बारिश से तापमान में 10 डिग्री की भारी गिरावट आई। गर्म हवाओं के थपेड़े और धूप की तपन काफूर हो गई।

हालांकि, खेती-किसानी के लिए इस बारिश को ज्यादा नफा-नुकसान की दृष्टि से नहीं देखा जा रहा है। मई माह में यहां अधिकतम पारा 48 डिग्री तक पहुंच गया था। कई दिन लू के थपेड़ों ने भी लोगों के बेहाल कर दिया था। कयास लगाया जा रहा था कि जून में मौसम और जानलेवा बनेगा, लेकिन फिलहाल मौसम इसके उलट है। कई दिनों से रोज बादल और हल्की बूंदाबांदी के बाद शुक्रवार को तड़के से ही मौसम ने मानसून जैसे तेवर अपना लिए। पूरा दिन रिमझिम बारिश या बूंदाबांदी का सिलसिला नहीं टूटा।

यहां का अधिकतम पारा 38 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। 15 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहीं हवाओं ने ठंड का अहसास दिलाया। गर्मी और पसीने से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। हालांकि, दिनभर की बारिश ने जनजीवन पर काफी असर डाला। बाजारों और सड़कों पर गिनेचुने लोग ही नजर आए। कारोबार और व्यापार पर भी असर पड़ा। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...