धारचूला : नेपाल प्रशासन द्वारा नेपाली नागरिकों के भारत आने-जाने के अनुरोध पर भारतीय प्रशासन की सहमति से पांच घंटे अंतरराष्ट्रीय झूला पुल खोला गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोगों ने आवाजाही की ।
एसडीएम धारचूला एके शुक्ला ने बताया कि प्रमुख जिल्लाधिकारी दार्चुला, गृह मंत्रालय नेपाल और जिला प्रशासन द्वारा नेपाल से बीमार लोगों के भारत आने-जाने तथा व्यापार मंडल धारचूला द्वारा नेपाल वाणिज्य संघ के अध्यक्ष मंगल सिंह ठगुन्ना के हल्द्वानी से उपचार करा कर अपने देश लौटने के लिए पुल खोलने के अनुरोध पर बुधवार सुबह दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक पुल खुला। बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी पिथौरागढ़ द्वारा नेपाल के प्रमुख जिल्लाधिकारी, गृह मंत्रालय से बात करने के बाद सहमति बनी।
सुबह पुल खुलते ही नेपाल से भारी संख्या में लोग भारत आए। स्थिति यह थी कि धारचूला बाजार में भीड़भाड़ रही। अलबत्ता प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 202 लोगों ने आवाजाही की है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार इससे काफी अधिक लोग नेपाल से आए। इस दौरान धारचूला बाजार में चहल-पहल बनी रही। नेपाली लोगों ने खरीदारी की है। प्रशासन के अनुसार इस दौरान भारत से नेपाल 102 लोग गए और नेपाल से सौ लोग भारत आए।
व्यापार संघ अध्यक्ष बीएस थापा ने कहा कि आज कई दिनों बाद पुल खुलने से जिस तरह की भीड़ भाड़ रही उससे कोरोना संक्रमण की संभावनाएं बन रही हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के व्यापार, वाणिज्य मंडलों द्वारा नियमित पुल खोलने और पुलों पर चिकित्सा टीम तैनात करने की मांग पर यदि नियमित पुल खुले तो आने-जाने वालों की संख्या सीमित रहेगी और संकमण का भी खतरा नहीं रहेगा। बुधवार को बाजार में जुटी भीड़ को लेकर व्यापारी तो खुश रहे। पुल पर एसएसबी, राजस्व विभाग, चिकित्सा टीम मौजूद रही।