देहरादून: राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या में आई गिरावट से कोविड अस्पतालों पर दबाव कम हो गया है। सितंबर में जहां अस्पतालों में जगह नहीं थी वही, अब ज्यादातर आईसीयू खाली हो गए हैं। राज्यभर में गंभीर कोरोना मरीजों के इलाज के लिए 784 आईसीयू बेड की व्यवस्था की गई थी।
सितंबर में हर दिन दो से तीन हजार पॉजिटिव मरीज मिलने से अस्पताल और अधिकांश बेड फुल हो गए थे। जरूरतमंदों को बेड मिलने में परेशानी हो रही थी। हालात में सुधार आ रहा है। वर्तमान में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 5364 है। इस बीच बेडों को लेकर मंगलवार को आई रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के कोविड अस्पतालों में इस समय सिर्फ 150 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं, जबकि 634 आईसीयू बेड खाली हैं।
सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी का कहना है कि कोरोना के केसों में कमी तो आ रही है, लेकिन मरीजों की संख्या घटने या बढ़ने, दोनों की ही संभावना है। ऐसे में विभाग अपने स्तर पर सभी तैयारियां पूरी रखेगा ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को परेशानी न हो।
राज्य का सबसे बड़ा कोविड केयर सेंटर भी खाली
कोरोना के केस घटने से अस्पतालों के साथ ही कोविड केयर सेंटर भी खाली होने लगे हैं। मार्च में संक्रमण का मामला बढ़ने के बाद सरकार ने बड़े स्तर पर कोविड केयर सेंटर स्थापित किए। इनमें सबसे बड़ा सेंटर रायपुर स्थित राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम को बनाया गया।
यहां एक हजार बेड के प्रस्तावित इस सेंटर में पांच सौ बेड लगाए जा चुके हैं। कोविड केयर सेंटर के प्रभारी डॉ. रचित गर्ग ने बताया कि सेंटर में भर्ती अधिकांश मरीज ठीक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि सेंटर में अब सिर्फ पांच मरीज भर्ती हैं।






