भोपालः केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ “नारी वंदन” कार्यक्रमों को लेकर अहम चर्चा की।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रहलाद पटेल ने 27 अप्रैल को प्रस्तावित विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में “नारी वंदन अधिनियम” को रोका गया, जो देश की राजनीति में पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सभी विपक्षी दल जिम्मेदार हैं और यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने जैसा कदम है।
पटेल ने आगे कहा कि अब तक राष्ट्र के विकास को इस तरह से कभी अवरुद्ध नहीं किया गया था, लेकिन विपक्ष ने ऐसा करके गलत परंपरा की शुरुआत की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा का विशेष सत्र इसी मंशा के साथ बुलाया जा रहा है, ताकि इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सभी सरकारें नारी सशक्तिकरण के पक्ष में हैं और “नारी वंदन” इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पटेल ने विश्वास जताया कि देश की नारी शक्ति इस मुद्दे पर जवाब देगी और देश की जनता भी इसका समर्थन करेगी।
साथ ही उन्होंने बताया कि जिला पंचायत स्तर पर होने वाली बैठकों में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। फिलहाल, इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नारी वंदन को लेकर सियासी घमासान और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट