बालाघाट। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बालाघाट जिले के महामारी प्रभावित ग्राम कुण्डेकसा, बोनदारी और कोरका का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती बीमार बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उनके उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
नेता प्रतिपक्ष ने पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात की। ग्रामीणों का दावा है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से दूषित पानी और संक्रमण के कारण बीमारी फैली हुई है और आसपास के गांवों में अब तक 19 बच्चों की मौत हुई है। हालांकि, इन आंकड़ों और मौतों के कारणों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।बैगा आदिवासी बहुल इन गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को लेकर उमंग सिंघार ने सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में प्रत्येक व्यक्ति, खासकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई जानी चाहिए।

उन्होंने बीमार बच्चों को समुचित और निःशुल्क इलाज, पर्याप्त पोषण और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता देने की भी बात कही।उमंग सिंघार ने कहा कि किसी भी परिवार को इलाज के अभाव में अपने बच्चे को नहीं खोना पड़े, यह सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मामले में संभावित प्रशासनिक लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बैगा आदिवासी बहुल क्षेत्रों में बच्चों की मौत के बावजूद सरकार वास्तविक आंकड़े सामने नहीं ला रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर भी निशाना साधते हुए प्रभावित परिवारों की मदद के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।इस दौरान विधायक संजय उईके, मधु भगत, अनुभा मुंजारे और विवेक विक्की पटेल भी मौजूद रहे।