रिपोर्ट:पायल जोशी
देहरादून : हरिद्वार जिले के कोटवाल गांव के पास मंगलवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने पोल्ट्री फार्म पर धावा बोलकर कारोबारी से दो लाख 11 हजार रुपये लूट लिए। जब कारोबारी ने बदमाशो का विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हे जमकर पीटा और जब वो भागने लगे तो उस पर फायरिंग करने लगे, लेकिन इस हमले में कारोबारी बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों के लिए घेराबंदी की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
बता दें कि ये पूरा मामला हरिद्वार जिले के कोटवाल गांव का है, जहां मंगलवार दोपहर दो बजे अहसान अपने पोल्ट्री फार्म पर काम कर रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश हथियार लेकर वहां पहुंचे, जहां बदमाशों ने पोल्ट्री फार्म में घुसते ही कारोबारी पर तमंचे तान दिए।
बदमाशों ने आतंकित करते हुए तमंचों के बल पर लूटपाट करनी शुरू की, जिसका अहसान ने विरोध किया, लेकिन जब बदमाशों ने लूट का विरोध करने लगे तभी कारोबारी को जमकर पीटा। इसके बाद जान से मारने का डर दिखाकर बदमाशों ने पोल्ट्री फार्म में रखे दो लाख 11 हजार रुपये लूट लिए, इसके बाद बदमाश वहां से भागने लगे। जब कारोबारी ने शोर मचाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उन पर फायर कर दी। गनीमत यह रही की गोली कारोबारी के पास से होकर गुजर गई, वरना कुछ भी बड़ा हादसा हो सकता था।
बदमाशों के फरार होने के बाद कारोबारी ने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी वहां पर पहुंचे। इस घटना की सूचना झबरेड़ा थाना पुलिस को दी गई। जैसे ही पुलिस को सूचना मिली उसी दौरान टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटना के बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन उनका कोई पता नहीं लगा। कारोबारी ने झबरेड़ा थाना पलिस को तहरीर दी है। पुलिस चौकी के प्रभारी संजय नेगी ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिली है, और तहरीर के आधार पर ही मामले की जांच की जा रही है।