बालाघाटः जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरसा में बीएमओ के पद पर आसीन डॉ. सुनील कुमार और देवास के जिला अस्पताल में सेवा दे रहे डॉ. सुनील कुमार दोनों के पास MBBS की एक जैसी डिग्री होने का मामला सामने आया है। जिसने सबको चकित कर दिया है। दोनों के नाम डिग्री एक ही है, जो स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल यह तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि किसकी डिग्री सही और किसकी गलत है।
इस संबंध में सीएमएचओ परेश उपलप ने बताया कि बालाघाट के बिरसा में पदस्थ बीएमओ डॉक्टर सुनील कुमार की डिग्री व पंजीयन को लेकर पूर्व में भी शिकायत हुई थी। शिकायत पर संबंधित बीएमओ की डिग्री को लेकर यूनिवर्सिटी से जानकारी मांगी गई थी। जिसमें यूनिवर्सिटी ने डिग्री सही होने का जवाब पत्र के माध्यम से दिया था।
सीएमएचओ ने बताया कि सुनील कुमार 2008 से संविदा पर पदस्थ हुए थे और 2012 से नियमित हुये है। यह पदस्थापना स्वास्थ्य संचालनालय भोपाल से हुई हैं। तब से वे यहीं पर सेवा दे रहे हैं। यह मामला फिर सामने आया है तो इसके समस्त दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी राज्य शासन स्वास्थ्य संचालनालय को प्रेषित किया जायेगा। जो भी जांच व कार्यवाही होनी है वहीं से होगी।
बालाघाट से संवाददाता विशाल महानंद की रिपोर्ट