1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. मैहर में दर्दनाक हादसा: कुएं में जहरीली गैस से तीन ग्रामीणों की गई जान

मैहर में दर्दनाक हादसा: कुएं में जहरीली गैस से तीन ग्रामीणों की गई जान

मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के खरमसेड़ा गांव में कुएं में गिरे बैल को बचाने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। एक अन्य ग्रामीण बेहोश हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

By: Nivedita 
Updated:
मैहर में दर्दनाक हादसा: कुएं में जहरीली गैस से तीन ग्रामीणों की गई जान

मैहर। जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के खरमसेड़ा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन ग्रामीणों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि कुएं में गिरे एक बैल को बचाने के प्रयास में ग्रामीण एक-एक कर कुएं में उतरे, लेकिन भीतर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

बैल को बचाने के दौरान हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव के एक कुएं में बैल गिर गया था। उसे बाहर निकालने के लिए पहले एक ग्रामीण कुएं में उतरा। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर दो अन्य ग्रामीण भी मदद के लिए नीचे चले गए। कुएं के भीतर जहरीली गैस होने के कारण तीनों बेहोश हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

एक अन्य ग्रामीण की हालत गंभीर

हादसे के दौरान एक और ग्रामीण भी बचाव के प्रयास में कुएं में उतरा, लेकिन जहरीली गैस के प्रभाव से वह बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

 

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

मृतकों की हुई पहचान

इस दर्दनाक हादसे में कृष्ण कुमार यादव (28 वर्ष), वीरेंद्र यादव (47 वर्ष) और राहुल यादव (34 वर्ष) की मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...