बड़वानी । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 7 अगस्त से शुरू हुए मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान ने अपने पहले चार सप्ताह में ही उल्लेखनीय सकारात्मक परिणाम दिए हैं। अभियान के माध्यम से जनप्रतिनिधि और अधिकारी सप्ताह में एक दिन मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म अभियान की गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से दर्ज करने और उनकी प्रभावी निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर अभियान से संबंधित सूचनाएं नियमित रूप से और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपलोड की जाएं। उन्होंने कहा कि पोर्टल में उपलब्ध जानकारी के समेकित उपयोग से मैदानी स्तर पर आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं और त्वरित समाधान उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री जनविश्वास पोर्टल पर अभियान के दौरान की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी। इसमें अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के मैदानी भ्रमण, निरीक्षण तथा जनसंवाद से जुड़ी गतिविधियां शामिल होंगी। इसके अलावा उद्यम संवाद, जिला स्तरीय समीक्षा बैठकें, नीतिगत विषय, महत्वपूर्ण निर्देश, जिले में किए गए नवाचार और राज्य स्तर पर भेजे जाने वाले सुझावों को भी पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
पोर्टल पर प्रत्येक सप्ताह दर्ज की जाने वाली सूचनाओं की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी। इससे जिलों में चल रहे कार्यों की प्रगति पर नजर रखने के साथ-साथ ऐसे मामलों की पहचान भी की जा सकेगी, जिनके समाधान के लिए राज्य स्तर पर समन्वय की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पोर्टल पर जानकारी दर्ज करते समय निर्धारित यूजर मैनुअल का पालन किया जाए। नियमित और सटीक जानकारी उपलब्ध होने से अभियान की प्रभावशीलता का आकलन करने तथा जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन को आमजन के और करीब ले जाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। पोर्टल के माध्यम से अभियान की गतिविधियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होने से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर समन्वय को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जनविश्वास पोर्टल अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में उपयोगी साबित होगा और इसके माध्यम से प्रदेश में जनसेवा तथा सुशासन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को नई गति मिलेगी।