नई दिल्ली: भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुधवार को दूसरे और आखिरी अभ्यास मैच खेला जाएगा, जहां बल्लेबाजी क्रम को अंतिम रूप देने के इरादे से उतरेगी। भारत को टूर्नामेंट के पहले मैच में रविवार को पाकिस्तान से खेलना है। बता दें कि बतौर कप्तान विराट कोहली और कोच के तौर पर रवि शास्त्री का यह आखिरी टूर्नामेंट है।
इंग्लैंड के खिलाफ सोमवार को अभ्यास मैच से पहले ही कोहली ने कहा था कि शीर्ष तीन स्थान तय है, जिसमें केएल राहुल और रोहित शर्मा पारी की शुरूआत करेंगे जबकि कोहली तीसरे नंबर पर उतरेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ सात विकेट से जीत में 70 रन की पारी खेलने वाले युवा इशान किशन अंतिम एकादश में चयन का दावा पुख्ता कर चुके हैं। ऋषभ पंत (नाबाद 29) को सूर्यकुमार यादव से ऊपर भेजा गया था और अब देखना है कि वह बुधवार को किस क्रम पर उतरते हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ भुवनेश्वर कुमार ने एक विकेट लिया था लेकिन जसप्रीत बुमराह अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में थे। मोहम्मद शमी ने तीन विकेट लिये लेकिन महंगे साबित हुए। राहुल चाहर भी काफी महंगे रहे। मौजूदा फॉर्म की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज हारने के बाद से भारत लगातार आठ सीरीज में अपराजेय रहा है। टी20 विश्व कप 2016 के बाद से भारत ने 72 टी20 मैच खेलकर 45 जीते हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को पहले अभ्यास मैच में तीन विकेट से हराया
ऑस्ट्रेलिया ने जीत के साथ शुरूआत करते हुए न्यूजीलैंड को पहले अभ्यास मैच में तीन विकेट से हराया। डेविड वॉर्नर का खराब फॉर्म हालांकि आईपीएल के बाद यहां भी जारी रहा और वह पहली गेंद पर आउट हो गए। एडम जंपा और केन रिचर्डसन ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज विफल रहे। एश्टन एगर और मिचेल स्टार्क ने आखिर में ताबड़तोड़ छोटी पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई।