गोरखपुर। शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर में प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर नाराजगी जताते हुए उनका पुतला फूंका। प्रदर्शन में निवर्तमान जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष यूथ ब्रिगेड डॉ. मो. आजम लारी ने बताया कि कार्यकर्ता शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया में शामिल होने कमिश्नरी पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की सूचना मिली। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठा रहे थे। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर में प्रदर्शन करते हुए ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।

प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। सपा नेताओं ने चुनाव में कथित अनियमितताओं के आरोपों की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। डॉ. आजम लारी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अखिलेश यादव की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से सवाल उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
सपा नेता ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आगामी चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपने मुद्दे पहुंचाने का काम जारी रखेंगे।