शिमला: हिमाचल प्रदेश अपनी खूबसूरती के लिए देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्वभर में मशहूर है। बर्फ की चादर ओढ़े हिमाचल की चोटियों को देखने दूर-दराज से पर्यटक यहां आते है। लेकिन इस साल यहां भी ऐसा अचंभा देखने को मिला कि 28 साल रिकॉर्ड टूट गया। जी हां हर साल का शुरुआती कुछ महिनों तक ठंड से ठिठुरन पैदा करने वाले हिमाच्छादित हिमालय की गोद में बसे हिमाचल प्रदेश कल्पा में इस साल फरवरी सबसे गर्म दर्ज की गयी है।
बता दें कि मौसम विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उच्च तापमान और कम बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के सुरम्य पर्यटन स्थल कल्पा में गर्मी की ऐसी स्थिति बनी हुई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने रविवार को बताया कि शहर का उच्चतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 14 डिग्री ज्यादा था। वहीं इससे पहले, साल 1933 के समय में 11 फरवरी के दिन कल्पा में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था।
बता दें कि कल्पा, शिमला से लगभग 250 किमी दूर स्थित है। जो स्वादिष्ट सेब उगाने के लिए मशहूर है। वर्तमान में, हिमाचल- प्रदेश के अधिकांश शहर औसत से 4-5 डिग्री ज्यादा तापमान के साथ “गर्म” दिनों का अनुभव कर रहे हैं।
वहीं पहाड़ों की रानी शिमला के तापमान की अगर हम बात करें तो अधिकतम तापमान सोमवार को 20.1 डिग्री सेल्सियस था, जबकि न्यूनतम 11.5 डिग्री था। राज्य में असामान्य तापमान के लिए अधिकारी बर्फबारी का कम होना बता रहे हैं।
इसी तरह राज्य में अब तक हुई बर्फबारी में 60 फीसदी की कमी देखी गयी है। यह राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के अभाव के कारण था। फिलहाल मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 फरवरी को पूरे राज्य में हिमपात और बारिश की संभावना है।