नई दिल्ली: देश की दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) फैशन इंडस्ट्री में लगातार अपना दायरा बढ़ाती जा रही है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने मनीष मल्होत्रा और रितु कुमार के साथ साझेदारी के बाद फैशन की दुनिया में एक और कदम बढ़ाया है। अब आरआईएल की सहयोगी कंपनी रिलायंस ब्रांड्स लिमिटेड की ज्वाइंट वेंचर आईकोनिक्स लाइफस्टाइल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने ब्रिटिश डेनिम ब्रांड ली कूपर के लिए भारत के ट्रेडमार्क अधिकार हासिल कर लिए हैं।
ली कूपर ने 18-30 वर्षीय ग्राहकों पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया

बता दें कि 1908 में शुरू हुए ली कूपर ब्रांड के दुनिया के 126 देशों में 7,000 स्टोर हैं। यही नहीं, इस ब्रांड के 20 लाख से ज्यादा सोशल फालोअर्स हैं। ली कूपर के डेनिम के साथ बनाए गए प्रोडक्ट्स और कलेक्शंस फैशन की दुनिया में सबसे आगे हैं। ली कूपर ने 18-30 वर्षीय ग्राहकों पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया। आज ब्रांड के डेनिम कारीगर हर बेहतरीन सिलाई और धुलाई के साथ खुद को साबित कर रहे हैं। ली कूपर महिला, पुरुष और बच्चों के परिधानों के साथ ही फुटवेयर, बैग्स, ऐससरीज, वॉचेज, स्विमवेयर, वर्कवेयर, आइवेयर, फ्रेगरेंस, होमवेयर और पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक्स भी बनाता है।
आधार पर ज्वाइंट वेंचर के लिए ये अधिग्रहण काफी अहम
रिलायंस ब्रांड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक व Iconix Lifestyle के बोर्ड में डायरेक्टर दर्शन मेहता ने कहा कि ली कूपर का शानदार इतिहास और भारतीय बाजार में उसकी स्वीकार्यता के आधार पर ज्वाइंट वेंचर के लिए ये अधिग्रहण काफी अहम है। ये गो-टू डेनिम ब्रांड है, उपभोक्ताओं के बीच इसकी पसंद हमें देश में ब्रांड के पुनर्निर्माण के लिए मजबूत आधार उपलब्ध करती है। इस अधिग्रहण से आईकोनिक्स लाइफस्टाइल इंडिया को मार्केटिंग व ब्रांड प्रबंधन को मजबूत करते हुए सभी खुदरा चैनलों में वितरण को सक्षम बनाते हुए भारत में ली कूपर की उपस्थिति का विस्तार करने में मदद मिलेगी।
‘नए ग्राहकों तक ब्रांड को ले जाने का मिलेगा मौका’
Iconix ब्रांड ग्रुप के सीईओ व प्रेसिडेंट और आईकोनिक्स लाइफस्टाइल इंडिया के बोर्ड में निदेशक बॉब गैल्विन ने कहा कि ली कूपर के आईपी अधिकार हासिल करना भारत में ब्रांड की उपस्थिति को बढ़ाने के लिए हमारे लंबी अवधि के रणनीतिक दृष्टिकोण के साथ मेल खाता है। साथ ही कहा कि हमारी ब्रांड की सफलता को जारी रखने की मजबूत प्रतिबद्धता है। आईपी अधिकार हासिल करना तेजी से बढ़ते बाजार में काम करने और इस प्रतिष्ठित ब्रांड को नए ग्राहकों के लिए पेश करने का अवसर प्रदान करता है।