राजस्थान में सत्ता को लेकर हो रहे घमासान के बीच बड़ी खबर है। दरअसल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने अपनी सरकार को गिराने की साजिश रचे जाने का आरोप लगाया है।
इस पत्र में उन्होंने लिखा है कि राज्यों में चुनी हुई सरकारों को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत हॉर्स ट्रेडिंग के माध्यम से गिराने के लिए कुत्सित प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। उन्होंने हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है जिसमें 24 जुलाई तक विधायकों पर कोई कार्यवाही नहीं करने के आदेश है।
शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर उपलब्ध 23 जुलाई की कार्यसूची के अनुसार न्यायमूर्ति अरूण मिश्रा, न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी की पीठ इस याचिका पर सुनवाई करेगी।