मुमताज़ आलम रिज़वी
नई दिल्ली /महोबा : उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आज कांग्रेस की महामंत्री और कांग्रेस उत्तर प्रदेश की इंचार्ज प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर ज़ोरदार हमला किया। साथ ही उन्होंने कुछ बड़े वायदे भी किये। महोबा में आयोजित कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि खाद के चलते बुंदेलखंड में किसान आत्महत्या कर रहे हैं, दो वर्षों में 1500 किसानों ने आत्महत्या की। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के संसाधनों पर बुंदेलखंड के लोगों का हक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी, मुख्यमंत्री योगी जी सबने बुंदेलखंड को छला है।
प्रियंका गाँधी ने कहा कि भाजपा नई खनिज नीति, किसानों की दुर्दशा, पानी की समस्या, बेरोजगारी, महंगाई के चलते बुंदेलखंड का बुरा हाल है। हम भाजपा की लूट वाली नीति को खत्म करेंगे।बुंदेलखंड के विकास के लिए काम करेंगे। भाजपा की तरह चुनावी बुंदेलखंड विकास बोर्ड नहीं, बुंदेलखंड के लिए स्थाई बुंदेलखंड विकास बोर्ड बनेगा। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के लिए हर साल विकास का बजट दिया जाएगा।
महोबा में वीर आल्हा-ऊदल के नाम पर एक बड़ा सांस्कृतिक केंद्र बनाएँगे। किसानों का कर्ज माफ करेंगे, सबका बिजली बिल हाफ होगा और कोरोना काल का बकाया माफ होगा।