1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. भरवेली पंचायत की राजनीति गरमाई, 19 पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा

भरवेली पंचायत की राजनीति गरमाई, 19 पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा

ग्राम पंचायत भरवेली में राजनीतिक विवाद एक बार फिर बढ़ गया है। उपसरपंच समेत 21 में से 19 पंचों ने सरपंच गीता बिसेन के खिलाफ एसडीएम कार्यालय में अविश्वास प्रस्ताव सौंपते हुए उन्हें पद से हटाने और नए सरपंच का चुनाव कराने की मांग की है। पंचों का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से पंचायत में लगातार विवाद के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

By: Nivedita 
Updated:
भरवेली पंचायत की राजनीति गरमाई, 19 पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा

भीषण गर्मी और नौतपा के बीच अब ग्राम पंचायत भरवेली की राजनीति भी गर्माती नजर आ रही है। पंचायत में लंबे समय से चल रहे विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। उपसरपंच समेत 21 में से 19 पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।

एसडीएम कार्यालय पहुंचा मामला

पंचों द्वारा एसडीएम कार्यालय में अविश्वास प्रस्ताव सौंपा गया। प्रस्ताव में मांग की गई है कि वर्तमान सरपंच गीता बिसेन को पद से हटाकर जल्द आंतरिक चुनाव कराए जाएं, ताकि पंचायत को नया सरपंच मिल सके और गांव के विकास कार्यों में तेजी आ सके।

तीन साल से जारी है विवाद

ग्राम पंचायत भरवेली में सरपंच, उपसरपंच और पंचों के बीच विवाद कोई नया मामला नहीं है। पिछले तीन वर्षों से पंचायत में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार मतभेद की स्थिति बनी हुई है। कई बार बैठकों और चर्चाओं के बावजूद पंचायत प्रतिनिधियों के बीच सहमति नहीं बन पाई।

विकास कार्य प्रभावित होने का आरोप

अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पंचों का कहना है कि पंचायत में आपसी विवाद के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उनका आरोप है कि पंचायत में समन्वय की कमी के चलते गांव के जरूरी काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं।

नया सरपंच चुनने की मांग

25 मई की देर शाम पंचों ने सामूहिक रूप से एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। पंचों ने मांग की है कि पंचायत में जल्द प्रक्रिया पूरी कर नए सरपंच का चुनाव कराया जाए, ताकि पंचायत में स्थिरता बनी रहे और गांव के विकास कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...