भोपाल: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव और उससे जुड़े राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने अपने 38 विधायकों को परिवार सहित बेंगलुरु भेजने का फैसला किया है। इस कदम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस विधायकों का पहला जत्था 75 सीटों वाले विशेष विमान से बेंगलुरु के लिए रवाना हो रहा है। वहीं शेष विधायक शाम करीब 7 बजे दूसरे विमान से रवाना होंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह कदम राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए एहतियात के तौर पर उठाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व को विश्वास है कि वर्तमान मामला उसके पक्ष में जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने कानूनी मोर्चे पर भी तैयारी तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि विधानसभा के भीतर कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ताओं का एक पैनल भी सक्रिय है, जो पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

ad
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा का दावा है कि उन्होंने अपने एक आपराधिक प्रकरण की जानकारी नामांकन से जुड़े दस्तावेजों में छिपाई है। हालांकि इस आरोप पर अभी तक मीनाक्षी नटराजन या कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधायकों को बेंगलुरु भेजने का निर्णय राज्यसभा चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। इससे पहले भी विभिन्न राज्यों में राजनीतिक दल अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए इस तरह के कदम उठाते रहे हैं।