भोपाल : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में जबलपुर संभागीय कार्यालय में पार्टी द्वारा आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपने को पूरा किया है। कांग्रेस ने बाबा साहब के श्रेष्ठ भारत निर्माण की संकल्पना के साथ बनाए गए संविधान का गला घोंटा है। बाबा साहब के सामाजिक समरसता के कार्यों को रोकने और उन्हें राजनीति में आगे नहीं आने देने के लिए चुनाव हराने का कार्य कांग्रेस ने किया। कांग्रेस ने बाबा साहब द्वारा अनुसूचित जाति और अनसूचित जनजाति वर्ग के कल्याण व आर्थिक उत्थान के लिए दिए गए आरक्षण को रोकने का भी प्रयास किया था। कांग्रेस और जवाहरलाल नेहरू ने बाबा साहब को हमेशा अपमानित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने बाबा साहब को हमेशा सम्मान दिया। प्रधानमंत्री जीने बाबा साहब की जन्म स्थली सहित पांच स्थानों को पंचतीर्थ बनाने का कार्य किया है।
बाबा साहब कभी नहीं चाहते थे कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लागू हो
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर कभी नहीं चाहते थे कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लागू हो पर तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उनकी सहमति के खिलाफ संविधान में संशोधन करते हुए 370 और अनुच्छेद 35ए लागू कर दिया था। प्रधानमंत्री श्रीनरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में एनडीए की सरकार बनने के बाद जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का निर्णय लिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 समाप्त की। जवाहरलाल नेहरू की कोशिश होती थी कि बाबा साहब देश की आर्थिक नीति हो या विदेश नीति किसी में शामिल न हो सकें। बाबा साहब को कांग्रेस ने जीते जी तो अपमानित किया ही, मृत्यु के बाद भी उनको अपमानित किया। बाबा साहब के परिनिर्वाण पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने प्रयास किया कि उनका अंतिम संस्कार देश की राजधानी दिल्ली में न होकर मुंबई में किया जाए और अन्ततः उनका अंतिम संस्कार मुंबई में किया गया। इतना ही नहीं उनका पार्थिव शरीर को दिल्ली से मुंबई ले जाने वायुयान का जो खर्च आया उसका बिल उनकी धर्मपत्नी के पास पहुंचाया गया।
बाबा साहब ऐसे महापुरूष थे, जिनकी चर्चा तीन शताब्दी में हो रही है
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ महेंद्र सिंह ने कहा कि हजारों साल भारत गुलाम था। गुलामी के दौरान हमारी संस्कृति व सभ्यता को नष्ट करने का कार्य दुश्मनों ने किया। लाखों लोगों के बलिदान के बाद भारत आजाद हुआ और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने एक श्रेष्ठ भारत की संकल्पना के साथ संविधान की रचना की। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने देश में आपातकाल लगाकर बाबा साहब के संविधान का गला घोटने का कार्य किया। कांग्रेस ने एक बार नहीं अनेकों बार संविधान का दुरूपयोग कर देश की चुनी गईं गैर कांग्रेसी सरकारों को गिराने का पाप किया है। 134 वर्ष पहले देश में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के रूप में एक ऐसे महापुरूष का जन्म हुआ जिन्हें तीन शताब्दी में हम सब उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा कर रहे हैं। बाबा साहब का जन्म 19वीं शताब्दी में हुआ, 20वीं शताब्दी में देश के लिए कार्य किया और आज हम सब 21वीं शताब्दी में उनके कृतित्व व व्यक्तित्व पर चर्चा कर रहे हैं। आप कल्पना कीजिए ऐसे महापुरुष जिन्होंने सिर्फ अपने जीवन के 30 वर्ष कार्य किया और इतने कम समय में बाबा साहेब ने देश के लिए कितना कार्य किया होगा कि तीन शताब्दी में उनकी चर्चा हो रही है।
संगोष्ठी को सांसद विवेक बंटी साहू और जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद सुमित्रा वाल्मिकी, प्रदेश मंत्री व सांसद आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।