प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के दमदम में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की राजनीति पर कई बड़े बयान दिए। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान ने बंगाल में परिवर्तन की लहर पर मुहर लगा दी है और भाजपा की जीत का शंखनाद हो चुका है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि TMC ने लोकतंत्र को कुचला, लेकिन इस बार जनता ने लोकतांत्रिक मूल्यों को फिर से स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि TMC सरकार बौखलाई हुई है और भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता को निर्भीक रहकर मतदान करना चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पीएम मोदी ने TMC पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि भाजपा सरकार बनने पर बेटियों के खिलाफ हुए हर अन्याय और अत्याचार की फाइल खोली जाएगी।
मध्यम वर्ग के मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने टैक्स में राहत देकर आम लोगों का जीवन आसान बनाया है। साथ ही, उन्होंने कोलकाता मेट्रो जैसी परियोजनाओं में देरी के लिए TMC को जिम्मेदार ठहराया। पीएम मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख करते हुए भाजपा की विचारधारा को बंगाल से जुड़ा बताया और जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने को ऐतिहासिक कदम बताया।