टीकमगढ़ : आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पलेरा में रविवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईद मिलादुन्नबी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रक्षाबंधन और गणेश चतुर्थी सहित अन्य धार्मिक एवं सामाजिक पर्वों को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।बैठक में नायब तहसीलदार जयप्रकाश शुक्ला और थाना प्रभारी प्रीति भार्गव ने समिति सदस्यों और गणमान्य नागरिकों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
जुलूस के दौरान एक साइड का मार्ग रहेगा खाली
धार्मिक जुलूस और आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए नगर परिषद पलेरा को विशेष निर्देश दिए गए। जुलूस के दौरान सड़क की एक साइड पूरी तरह खाली रखने को कहा गया, ताकि आम लोगों के आवागमन में परेशानी न हो।
निर्धारित मार्ग पर ही बंद होगी बिजली
विद्युत विभाग को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि जुलूस जिस निर्धारित मार्ग से निकलेगा, आवश्यकता के अनुसार केवल उसी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद की जाएगी। बाकी क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सामान्य रूप से जारी रहेगी।इस व्यवस्था से पूरे नगर की बिजली अनावश्यक रूप से बंद होने की स्थिति से बचा जा सकेगा।
साफ-सफाई और DJ को लेकर सख्ती
त्योहारों को देखते हुए नगर परिषद को विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।वहीं थाना प्रभारी प्रीति भार्गव ने DJ संचालकों और आयोजन समितियों से निर्धारित ध्वनि सीमा और नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान ध्वनि व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गणेश उत्सव में वालंटियर संभालेंगे व्यवस्था
बैठक में गणेश चतुर्थी को लेकर भी चर्चा हुई। आयोजन समितियों को वालंटियर टीम गठित कर उसकी सूची थाना पलेरा में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।इससे जरूरत पड़ने पर पुलिस और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को सुचारु रखा जा सकेगा।बैठक में सांसद प्रतिनिधि सुनील खटीक, मंडल अध्यक्ष पवन सिग्या, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश नायक, मुस्लिम समुदाय के सदर अब्दुल बहिद खान, अय्यूब खान, नफीस सौदागर, पार्षदगण, गणेश उत्सव समिति के सदस्य, ओबीसी महासभा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सीबी कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य ह्रदेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी समुदायों से अपील की कि त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं। वहीं बैठक में मौजूद लोगों ने भी पुलिस और प्रशासन को शांतिपूर्ण आयोजन में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।