रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का गुरुवार एक जुलाई को जन्मदिन है। उनके जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को फोन करके जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी। इससे पहले अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर उनको फोन करके बधाई दी थी।
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर आज #HappyBirthDayAkhileshYadav ट्रेंड कर रहा है। सपा के कार्यकर्ता अपने नेता को जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं, इसके साथ ही साल 2022 के चुनाव में अखिलेश को फिर यूपी का सीएम बनाने का प्रण ले रहे हैं। कई जगहों पर सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश के जन्मदिन पर केक भी काटा है।
अखिलेश यादव अपने जन्मदिन के मौके पर भी BJP पर निशाना साधने से नहीं चूके हैं। उन्होंने नेशनल डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘कोरोनाकाल में जबकि भाजपा सरकार बुरी तरह नाकाम है, डॉक्टरों ने ही आगे आकर मोर्चा संभाला है, उन्हें चतुर्दिक सुरक्षा देना सरकार का दायित्व है, डॉक्टर जीवन की आशा का दूसरा नाम होता है।’
बात करें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जीवनी के बारे में तो वे पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बड़े बेटे हैं। इनका जन्म आज ही के दिन 1 जुलाई 1973 को सैफई गांव में हुआ था। अखिलेश, मुलायम की पहली पत्नी मालती देवी के बेटे हैं। अखिलेश ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत साल 2000 में की थी। वह कन्नौज सीट से उपचुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे।
इसके बाद वो साल 2004 और 2009 में भी लोकसभा चुनाव जीते। 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव सपा के स्टार प्रचारक थे और उन्होंने सपा क्रांति रथ निकाला था। अखिलेश की मेहनत का नतीजा रहा कि 2012 में सपा 225 सीटों पर जीत गई और अखिलेश यादव 38 साल की उम्र में यूपी के मुख्यमंत्री बन गए।
अखिलेश यादव के जन्मदिन के लगभग 6 महीने आगे ही एक बार फिर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सूबे में सियासी गतिविधियां तेजी से चल रही हैं। आरोप-प्रत्यारोप का भी दौर तेजी से चल रहा है। अखिलेश यादव की अगुवाई में समाजवादी पार्टी एक बार फिर विधानसभा चुनाव के लिए दम भर रही है।