ग्वालियरः नगर निगम के विकास कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में अधिकारियों की गैरहाजिरी पर बवाल खड़ा हो गया। मामला वार्ड क्रमांक 52 का है, जहां कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक नारायण सिंह कुशवाह भूमिपूजन करने पहुंचे, लेकिन नगर निगम के अधिकारी सौरभ शाक्य सहित कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था।
इस लापरवाही पर मंत्री जी नाराज हो गए और उन्होंने तुरंत ग्वालियर कमिश्नर संघ प्रिय को फोन लगाया। फोन पर मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि नगर निगम के कर्मचारी अब “नालायक” हो गए हैं।
मंत्री ने साफ कहा कि वे भूमिपूजन के लिए यहां आए हैं और आपके अधिकारी कार्यक्रम बनाकर भी मौजूद नहीं हैं, यह बर्दाश्त नहीं होगा। इतना ही नहीं, मंत्री ने जोनल अधिकारी सौरभ शाक्य को तत्काल सस्पेंड करने के निर्देश देते हुए कहा कि तुरंत आदेश जारी कर उन्हें भेजा जाए।
जब कमिश्नर ने सौरभ शाक्य से संपर्क करने की बात कही, तो मंत्री और भी सख्त हो गए। उन्होंने कहा कि “मैं जो कह रहा हूं वही कीजिए, वरना आज के बाद आपसे किसी काम की बात नहीं करूंगा।” फिलहाल अब इस पूरे मामले ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्वालियर से संवाददाता अरविंद सिंह पवैया की रिपोर्ट