नई दिल्ली। नोएडा प्राधिकरण ने नोएडा वासियों को सेक्टर 71 स्थित अंडर पास की सौगात दी है। नोएडा से ग्रेटर नोएडा आने जाने वाले को काफी राहत मिलेगी। दरअसल, नोएडा सेक्टर 71-51 चौराहे पर बने अंडरपास की होशियारपुर से बाबा बालक नाथ मंदिर की ओर जाने वाली लाइन को खोल दिया गया है। अब आसानी से वाहन चालक उस रास्ते से जा सकते है। इसके अलावा शुक्रवार को दूसरी लाइन भी खोल दी जाएगी। बताया जा रहा है कि खोली हुई लाइन का काम कल रात ही खत्म हुआ है। और दूसरी लाइन का काम शुक्रवार तक खत्म होने की उम्मीद है। वहीं दिल्ली से आने वाला वाहन सेक्टर 37, गोल्फ कोर्स ,सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से होते हुए सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन के रास्ते सेक्टर 71 अंडरपास से होते हुए ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद की तरफ आसानी से जा सकेगा। इसके साथ ही आपको बता दें की वर्ष 2022 नए साल पर नोएडावासियों को तीन और नए अंडरपास की सौगात नोएडा प्राधिकरण द्वारा दिए जाने की योजना करीब-करीब पूरी होने वाली है।
59 करोड़ की लागत से बना अंडरपास
बता दें कि सेक्टर-71, 72, 51, 52 क्रासिंग पर 59 करोड़ की लागत से अंडरपास का निर्माण किया गया है। यह अंडरपास छह लेन का है, जिसकी लंबाई 780 मीटर है। अंडरपास देरी से पूरा होने की वजह अंडरपास में मेट्रो के पिलर का होना था। और इसी पिलर के कारण ही अंडरपास की लागत भी छह करोड़ 77 लाख रुपये बढ़ गई।
वहीं वरिष्ठ प्रबंधक मुकेश कुमार वैश्य का कहना है कि अंडरपास बनने से ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन स्थित किसान चौक से नोएडा कालिंदी कुंज तक का सफर आसान हो जाएगा। अंडरपास के ऊपर से सीधे सेक्टर-61 साईं मंदिर से सेक्टर-76 की ओर जाने वाला रास्ता दर्शनार्थियों के लिए खोला गया है।
इसके साथ ही यह भी बताया कि कई अलग-अलग कारणों से अंडरपास की डेडलाइन को कई बार बदला गया। पहले दिसंबर 2020, फरवरी और अप्रैल 2021 नई डेडलाइन तय की गई, लेकिन नवंबर 2021 में अंडरपास वाहन चालकों के लिए लाइन खोली जा सकती है।