भारतीय जनता पार्टी में एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है। नितिन नबीन मंगलवार को भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने गए। भाजपा मुख्यालय में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां पद से ज्यादा कार्यकर्ता होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “लोग सोचते होंगे कि मोदी इतनी छोटी उम्र में मुख्यमंत्री और सरकार के प्रमुख बन गए, लेकिन मेरे लिए सबसे बड़ी बात यह है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। आज मैं मानता हूं कि नितिन जी मेरे बॉस हैं और मैं एक कार्यकर्ता।” प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो कांग्रेस की बुराइयों से बचेगा, वही देश में आगे बढ़ेगा।
भाजपा मुख्यालय में सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई थी। किसी अन्य उम्मीदवार का नामांकन न आने के कारण नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को उन्हें पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि संगठन पर्व के तहत अध्यक्ष चयन की पूरी प्रक्रिया सौ प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई, जो भाजपा की कार्यकर्ता-केंद्रित सोच को दर्शाती है।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि वे अटल बिहारी वाजपेयी और कुशाभाऊ ठाकरे की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन कम उम्र में पांच बार विधायक रह चुके हैं और देश को करीब से समझते हैं। “एक युवा अध्यक्ष के रूप में वे पार्टी को तेज गति से आगे ले जाएंगे,” नड्डा ने विश्वास जताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा में नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और राष्ट्रसेवा के भाव से आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा, “हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है, दिशा नहीं बदलती। भाजपा एक पार्टी नहीं, बल्कि एक संस्कार और परिवार है, जहां मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप अहम होती है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के अगले 25 साल भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, जब विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना है।
उन्होंने नितिन नबीन को “मिलेनियल जनरेशन” का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि वे रेडियो के दौर से लेकर एआई के युग तक को समझने वाले नेता हैं, जो पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे।
प्रधानमंत्री ने घुसपैठ और अर्बन नक्सलवाद को देश की बड़ी चुनौतियां बताते हुए कहा कि भारत अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा। उन्होंने परिवारवाद की राजनीति पर भी हमला बोला और कहा कि यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। पीएम ने घोषणा की कि वे एक लाख ऐसे युवाओं को राजनीति में लाना चाहते हैं, जिनके परिवार से कोई पहले राजनीति में नहीं रहा हो।
नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने “भारत माता की जय” के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को देशसेवा करते देखा है और उनसे यह सीखा है कि जो व्यक्ति जनता की भावनाओं से जुड़ता है, वही बड़ा नेता बनता है।