1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP News: सरकार शिक्षकों की गरिमा, सुविधाओं और हितों का पूरा ध्यान रखेगी- CM डॉ. मोहन

MP News: सरकार शिक्षकों की गरिमा, सुविधाओं और हितों का पूरा ध्यान रखेगी- CM डॉ. मोहन

सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय, भोपाल में शिक्षक संघ का ‘अभिनन्दन समारोह’

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: सरकार शिक्षकों की गरिमा, सुविधाओं और हितों का पूरा ध्यान रखेगी- CM डॉ. मोहन

भोपाल स्थित सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा आयोजित ‘अभिनन्दन समारोह’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षाविद और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

शिक्षक-शिल्पकार की तरह व्यक्तित्व गढ़ने वाले

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिक्षकों की भूमिका को एक शिल्पकार से तुलना करते हुए कहा कि जैसे शिल्पकार पत्थर से अनावश्यक आवरण हटाकर भीतर छिपी प्रतिमा को प्रकट करता है, वैसे ही शिक्षक विद्यार्थियों के भीतर निहित प्रतिभा, संस्कार और मानवता को उजागर करते हैं। शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता हैं, जिनके हाथों से भविष्य गढ़ता है।

गुरु-शिष्य परंपरा का गौरव

मुख्यमंत्री ने भारत की प्राचीन और गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा का स्मरण किया। उन्होंने विश्वामित्र-राम के उदाहरण से बताया कि गुरु का अपने शिष्य पर अटूट विश्वास असंभव को संभव बनाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर गुरु सांदीपनि के सान्निध्य में ही भगवान कृष्ण को ‘श्रीकृष्ण’ बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ-यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

नई शिक्षा नीति और नवाचारों में अग्रणी मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश नई शिक्षा नीति (NEP) को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना और आज स्कूली शिक्षा में भी अग्रणी राज्यों (टॉप-5) में शामिल है। डिजिटल कक्षाओं, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

शिक्षक कल्याण और प्रशासनिक सुधार

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया को सरल बनाकर 22,000 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति सुगमता से की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानांतरण सजा नहीं होना चाहिए; यह केवल शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने की आवश्यकता के अनुसार ही हो। सरकार ने शिक्षकों की मांगों को ध्यान में रखते हुए चतुर्थ समयमान वेतनमान देने का वादा भी पूरा किया है।

आधुनिक ‘सांदीपनि (PM Shri)’ विद्यालय और विकास

प्रदेश में विकसित हो रहे आधुनिक और भव्य ‘सांदीपनि (PM Shri)’ विद्यालयों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मध्यप्रदेश उन अग्रणी राज्यों में है, जहां बेरोजगारी दर 1% से भी कम है।

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालयों में ‘कुलपति’ के स्थान पर ‘कुलगुरु’ नामकरण गुरु की महत्ता को सुदृढ़ करता है। साथ ही विद्यालयों और महाविद्यालयों में गुरु पूर्णिमा, राम नवमी और जन्माष्टमी जैसे पर्वों को उल्लास के साथ मनाने की परंपरा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

शिक्षकों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आश्वस्त किया कि सरकार शिक्षकों की गरिमा, सुविधाओं और हितों का पूरा ध्यान रखेगी। जो कार्य शेष हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि शिक्षा व्यवस्था और अधिक सशक्त हो सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...