मध्य प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी अनुराग जैन को राज्य का 35वां मुख्य सचिव (सीएस) नियुक्त किया है। 1989 बैच के इस अधिकारी ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में अपनी सेवाएं दी हैं। जैन 3 अक्टूबर को नवरात्रि के पहले दिन पदभार ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य और केंद्र के बीच सामंजस्य बढ़ाने के लिए उन्हें चुना है, ताकि मप्र को विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम किया जा सके। राज्य और केंद्र के बीच जैन को सीएस बनाने की चर्चा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में एमपी कैडर के आइएएस अधिकारियों को दिए रात्रिभोज वाले दिन सबसे पहले छेड़ी थी।
अनुराग जैन की प्रमुख विशेषताएं
वरिष्ठता और अनुभव: अनुराग जैन मध्य प्रदेश कैडर के सबसे वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं, जिनका राज्य और केंद्र सरकार में गहरा अनुभव है।
पृष्ठभूमि: IIT खड़गपुर से ऑनर्स इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और मैक्सवेल स्कूल, यूएसए से लोक प्रशासन में एमए किया है।
कुशल निर्णय क्षमता: उनकी छवि बेदाग है और वे कम समय में त्वरित फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं।
समन्वय में दक्षता: पीएमओ में संयुक्त सचिव के रूप में, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के गतिशक्ति मिशन को नजदीकी से समझा है।
यादगार कार्य
भोपाल में कलेक्टर रहते 600 एकड़ जमीन को सरकारी संपत्ति घोषित किया।
प्रदेश में सार्वजनिक सेवा वितरण अधिनियम लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एमपी की वित्तीय स्थिति में सुधार और गुड गवर्नेंस को बढ़ावा देने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
पुरस्कार और उपलब्धियां
ई-गवर्नेंस के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार और केंद्र से वेब उत्कृष्टता पुरस्कार प्राप्त किया।
सर्वश्रेष्ठ जिला ग्रामीण विकास प्राधिकरण और नैसकॉम आईटी उपयोगकर्ता पुरस्कार से सम्मानित।
मोहन यादव की पसंद
मुख्यमंत्री ने अनुराग जैन की केंद्रीय और राज्य स्तर पर समन्वय स्थापित करने की कुशलता की सराहना की है। वित्त मंत्रालय और अन्य महत्वपूर्ण मंत्रालयों में उनके अनुभव ने उन्हें राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने में मददगार साबित किया है।