भोपाल में मध्य प्रदेश विधानसभा के दौरान महिलाओं के सम्मान, समान नागरिक अधिकार और सामाजिक सुधारों को लेकर मंत्री गौतम टेटवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर कांग्रेस लगातार विरोध की राजनीति करती रही है।
मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हित में लिए जा रहे फैसलों का उद्देश्य समाज में समानता और न्याय को बढ़ावा देना है।
गौतम टेटवाल ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का जिक्र करते हुए कहा कि इसके लागू होने से कई सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। उन्होंने दावा किया कि इससे बहुविवाह जैसी प्रथाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और कम उम्र में होने वाले विवाह जैसी समस्याओं को भी नियंत्रित किया जा सकेगा।

मंत्री ने कहा कि यूसीसी में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े कुछ प्रावधान भी शामिल हैं। उनके अनुसार, पहचान छिपाकर या गलत जानकारी देकर संबंधों में रहने जैसी घटनाओं पर नियंत्रण के लिए व्यवस्था की गई है।
मंत्री गौतम टेटवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं से जुड़े सुधारात्मक फैसलों का भी विरोध करती रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज में समान अधिकार, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना है।