नई दिल्ली : पांच दिन के दिल्ली दौरे पर आई ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला किया है। ममता ने कहा कि मेरा फोन पहले ही टैप हो चुका है। अगर अभिषेक बनर्जी का फोन टैप हो रहा है और मैं उनसे बात करती हूं तो अपने आप ही मेरा फोन भी टैप हो जाएगा। पेगासस ने सभी की जान को खतरे में डाल दिया है। बनर्जी ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हमने ‘अच्छे दिन’ बहुत देख लिए, अब हम ‘सच्चे दिन’ देखना चाहते हैं।
बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी ने आगे कहा कि जीडीपी का मतलब अब ‘गैस-डीजल-पेट्रोल’ हो गया है। सरकार जनता से पैसा ले रही है लेकिन इसके पास कोरोना वायरस के टीके के लिए पैसा नहीं है। पूरे देश में खेला होगा। यह एक हमेशा चलती रहने वाली प्रक्रिया है… जब आम चुनाव होगा (2024 लोकसभा चुनाव), तो यह मोदी बनाम देश होगा।
Delhi | I am not a political astrologer, it depends on the situation. Today I have a meeting with Sonia Ji and Arvind Kejriwal. After Parliament session, Opposition parties must meet: West Bengal CM Mamata Banerjee, on being asked if she will be the face of Opposition pic.twitter.com/k62N7hdldQ
— ANI (@ANI) July 28, 2021
उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की लोकप्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘नरेंद्र मोदी 2019 में लोकप्रिय हुआ करते थे, उन्होंने (कोरोना से) मरने वालों की संख्या का रिकॉर्ड नहीं रखा है। अंतिम संस्कार नहीं होने दिए गए और शवों को गंगा नदी में फेंक दिया गया। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है वह इसे कभी नहीं भूलेंगे और न ही माफ करेंगे।’
विपक्ष का चेहरा बनाए जाने संबंधी सवाल पर ममता बनर्जी ने कहा-‘मैं राजनीतिक ज्योतिषी नहीं हूं। यह स्थितियों पर निर्भर करता है। अगर कोई और नेतृत्व करता है तो उससे कोई समस्या नहीं है। संसद सत्र के बाद सभी विपक्षी दलों को आपस में मुलाकात करनी चाहिए।’ ममता ने कहा कि पूरे देश में खेला होगा। यह एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। वर्ष 2024 में जब आम चुनाव आएंगे तो यह मोदी बनाम देश होगा। ममता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बहुत स्वस्थ पार्टी है। विपक्ष मजबूत होगा तो इतिहास रचेगा। 2024 चुनावों के लिए यही हमारी उम्मीद है।
‘राजनीतिक आंधी कोई रोक नहीं पाएगा’
सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि वह एक साधारण कार्यकर्ता हैं और एक कार्यकर्ता ही बनी रहना चाहती हैं। मेरे सभी विपक्षी नेताओं से अच्छे संबंध हैं और देश में अगर राजनीतिक आंधी आई तो उसे कोई रोक नहीं सकेगा। अगर विपक्षी दल सीरियस होकर इस पर काम करें तो छह महीने में नतीजे दिख सकते हैं। ममता ने कहा कि हमने अपने कुछ लोगों को त्रिपुरा भेजा, जहां उन्हें नजरबंद कर दिया गया है।
बनर्जी ने देश के राजनीतिक हालात को लेकर कहा कि, राजनीति में चीजें बदलती हैं। जब राजनीतिक तूफान आता है तो स्थिति को नियंत्रित करना कठिन हो जाता है। विपक्ष और मजबूत होगा, यह इतिहास रचेगा, 2024 के लिए यह हमारी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि काला धन केवल उन लोगों के पास है जो आपका (केंद्र सरकार) का विरोध करते हैं।